back icon

हिंदी समाचार

article_imageविशेष
Last updated on 12 Jun 2025 | 10:05 AM
Google News IconFollow Us
IPL 2026: 34 गेंदों में 75 रनों की तूफानी पारी के बाद में 3 टीमें कर सकती है Prithvi Shaw को शॉर्टलिस्ट

पृथ्वी शॉ ने IPL में अभी तक सिर्फ एक टीम का प्रतिनिधित्व किया है, और वह है दिल्ली कैपिटल्स।

T20 मुंबई लीग 2025 में नॉर्थ मुंबई पैंथर्स की कप्तानी करते हुए दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) ने शानदार वापसी के संकेत दिए हैं। सूर्यकुमार यादव की ट्राइंफ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट के खिलाफ शॉ ने सिर्फ 34 गेंदों में 75 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर IPL 2026 के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। हालांकि, इस धमाकेदार पारी से पहले उन्होंने चार पारियों में 5, 5, 33 और 19 रन बनाए थे।

शॉ की इस शानदार फॉर्म को देखते हुए IPL की कुछ टीमों ने निश्चित रूप से उन्हें अपनी शॉर्टलिस्ट में शामिल किया होगा। फ्रैंचाइजी IPL 2026 से पहले होने वाली मिनी नीलामी में पृथ्वी शॉ पर बड़ी बोली लगाते हुए दिखाई दे सकती हैं। इस आर्टिकल में हम उन तीन टीमों पर नज़र डालेंगे जो मुंबई के इस प्रतिभाशाली सलामी बल्लेबाज पर दांव खेल सकती हैं।


1. पंजाब किंग्स (Punjab Kings)

रिकी पोंटिंग और श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने पंजाब किंग्स को 2014 के बाद पहली बार IPL 2025 के फाइनल में पहुंचाया था, लेकिन दुर्भाग्यवश वे खिताब जीतने से चूक गए। IPL 2026 में पंजाब की टीम पृथ्वी शॉ पर दांव खेल सकती है, क्योंकि पोंटिंग, अय्यर और शॉ तीनों एक साथ दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रह चुके हैं।


Prithvi Shaw with Ricky Ponting

पंजाब के पास पहले से ही प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या के रूप में दो विस्फोटक सलामी बल्लेबाज हैं, लेकिन टीम निश्चित रूप से शॉ जैसे अनुभवी बल्लेबाज को टीम में शामिल करके अपनी सलामी जोड़ी को और मजबूत बनाना चाहेगी। अगर पंजाब की प्लेइंग इलेवन पर नज़र डालें, तो प्रभसिमरन सिंह और जोश इंग्लिश के रूप में टीम के पास दो विकेटकीपर-बल्लेबाज मौजूद हैं। ऐसे में वे प्रभसिमरन की जगह पृथ्वी को आज़मा सकते हैं। हालांकि, प्रभसिमरन का बतौर सलामी बल्लेबाज IPL 2025 शानदार रहा था, उन्होंने 17 मैचों में 549 रन बनाए थे, लेकिन फाइनल में उनका बल्ला नहीं चला और पंजाब ट्रॉफी नहीं जीत सकी, ऐसे में इतने रन बनाने का क्या फायदा?


2. मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians)

पृथ्वी शॉ पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा के एक शानदार रिप्लेसमेंट हो सकते हैं। रोहित IPL 2025 में बतौर इम्पैक्ट प्लेयर खेलते हुए दिखाई दिए थे। हो सकता है कि टीम रोहित के रिप्लेसमेंट के बारे में सोच रही हो और उनकी नज़र पृथ्वी शॉ पर पड़ जाए। रोहित ने इस सीज़न में 299 रन बनाए हैं और वह अब अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर भी हैं। ऐसे में रोहित की जगह शॉ मुंबई इंडियंस को सलामी बल्लेबाज के रूप में मज़बूती प्रदान कर सकते हैं।


Prithvi Shaw

3. दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals)

IPL 2025 की शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स को किसी भी टीम द्वारा रोक पाना आसान नहीं था। उन्होंने अक्षर पटेल की कप्तानी में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ की दौड़ में अपनी जगह बनाई थी, लेकिन प्रतियोगिता के अंतिम पड़ाव में कैपिटल्स की जीत की ट्रेन पटरी से उतर गई और वे प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गए।



इस दौरान यह भी देखा गया कि दिल्ली कैपिटल्स ने कई सलामी जोड़ियों को आज़माया। हमने केएल राहुल, जैक फ्रेज़र मैकगर्क, अभिषेक पोरेल और फाफ डु प्लेसिस को बतौर सलामी बल्लेबाज खेलते देखा, जिसका साफ मतलब है कि वे एक मज़बूत सलामी बल्लेबाज की तलाश में हैं, जो ताबड़तोड़ शुरुआत के साथ-साथ टीम को पावरप्ले में मज़बूती प्रदान कर सके। शॉ पहले भी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रह चुके हैं और ऐसे में टीम उन पर एक बार फिर दांव खेल सकती है।


पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) का IPL करियर

पृथ्वी शॉ ने IPL में अभी तक सिर्फ एक टीम का प्रतिनिधित्व किया है, और वह है दिल्ली कैपिटल्स। दाएं हाथ के तूफानी बल्लेबाज ने 79 मैचों में 1892 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 23.94 का रहा है। शॉ ने 14 अर्धशतक लगाए हैं और उनका 147.46 का शानदार स्ट्राइक रेट रहा है।

Related Article